चंडीगढ़ के सेक्टर 31 स्थित काली बाड़ी लाइट प्वाइंट के पास पलसर सवार तीन युवक दो भाइयों से चाकू की नोक पर 11 हजार लूटकर फरार हो गए। आरोपियों ने बीड़ी मांगने के बहाने वारदात को अंजाम दिया है। जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मामला मगंलवार तड़के करीब 4 बजे का है। शिकायतकर्ता विजय ने बताया कि वह मोहाली के अंबेडकर कॉलोनी का निवासी है। वह और उसका भाई सर्वेश कुमार मोहाली के एक ट्रैक्टर कंपनी में पार्ट्स बनाने का काम करते हैं। सोमवार रात उनके रिश्तेदार को बिहार के गया जाना था। रात करीब डेढ़ बजे रिश्तेदार को ट्रेन में बिठाकर वह और उसका भाई सर्वेश घर जाने के लिए एक ऑटो हायर किया, लेकिन ऑटो वाले ने उन्हें काली बाड़ी लाइट प्वाइंट के पहले ही छोड़ दिया। जिसके बाद वह दोनों पैदल ही अपने घर की तरफ चल पड़े। काली बाड़ी लाइट प्वाइंट से थोड़ी आगे पहुंचे तो पलसर सवार तीन युवकों ने दोनों भाईयों से बीड़ी मांगी, मना किया तो तंबाकू की बात करने लगे। जिसके बाद बाइक की पीछली सीट पर बैठा युवक पिस्टल निकालकर सर्वेश के सीने पर तान दी और दूसरे युवक ने विजय से चाकू की नोक पर जेब में हाथ डाल दिया। साथ ही आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि अगर चिल्लाया तो जान से हाथ धो बैठोगे। जिसके बाद आरोपी सर्वेश से छह हजार और विजय से पांच हजार लूटकर फरार हो गए। जबकि दोनों का मोबाइल आरोपियों ने वहीं छोड़ दिया।
चंडीगढ़ नंबर की पंजीकृत थी बाइक
पुलिस को दिए बयान में विजय ने बताया कि तीनों आरोपी काले रंग की पलसर पर बिना हेलमेट के सवार थे। अंधेरे के चलते बाइक का सिर्फ (सी एच 2215) नंबर ही देख सके। बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, पुलिस की प्राथमिक जांच में आरोपी सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए हैं। इसके आधार पर पुलिस इन तीनों की पहचान करने में जुटी हुई है। बता दें कि इससे पहले भी कई बार काली बाड़ी लाइट प्वाइंट के पास लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया है।