चंडीगढ़ में मंगलवार को अष्टमी पर मंदिरों में खूब भीड़ उमड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए यूटी प्रशासन ने वीकेंड लॉकडाउन के बाद अब आज एक दिन के लॉकडाउन की घोषणा की है। प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने मोहाली और पंचकूला में भी लॉकडाउन लगाने का सुझाव दिया था। मोहाली में लॉकडाउन के लिए पंजाब सरकार तैयार हो गई लेकिन पंचकूला के लिए हरियाणा सरकार की तरफ से कोई जवाब नहीं आया।
चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों का मानना है कि रामनवमी के मौके पर शहर के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटेगी। ऐसे में कोरोना का संक्रमण फैल सकता है। शहर में पिछले कुछ दिनों से कोरोना के मामलों में बेहद वृद्धि देखी गई है। संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए ही प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने ट्राइसिटी लॉकडाउन लगाने का सुझाव सोमवार को दोनों राज्यों को भेजा था।
इस पर पंजाब के चीफ सेक्रेटरी ने सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह से चर्चा की, जिसके बाद सीएम ने मोहाली में बुधवार को लॉकडाउन लगाने की मंजूरी दे दी। हालांकि पंचकूला की तरफ से जवाब नहीं आया। इसके बाद प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने मोहाली और चंडीगढ़ में लॉकडाउन लगाने का ऐलान कर दिया।
प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने बताया कि उन्होंने दोनों राज्यों के चीफ सेक्रेटरी से बात की थी, ताकि बुधवार को एक साथ ट्राइसिटी में लॉकडाउन लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि संक्रमण को रोकने के लिए यह सख्ती जरूरी है। बता दें कि इससे पहले कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए यूटी प्रशासन ने शुक्रवार को वीकेंड लॉकडाउन का एलान किया था। इस दौरान किसी के भी बाहर निकलने पर रोक लगाई गई थी, लेकिन बावजूद शहर भर में गतिविधियां जारी रही थीं, लेकिन आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर मार्किटें बंद रही थी।