चंडीगढ़। ट्राइसिटी के युवा डांस स्पोर्ट्स प्रोफेशनल्स ने बैंकॉक में आयोजित एशिया पैसिफिक इंटरनेशनल डांस चैंपियनशिप 2019 (एपीआईडीसी) में तीन अलग-अलग श्रेणियों में पांच ट्रॉफी जीत कर नाम रोशन किया है। क्लब साल्सा इंटरनेशनल के संस्थापक और डांस स्पोर्ट्स कोच वरुण डीएस राणा की नेतृत्व में अपनी प्रतिभा का लोहा मनाया है। इस प्रतिस्पर्धा में दुनियाभर के 10 देशों के 200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें निर्णायक मंडल के सदस्य अमेरिका से पहुंचे थे। प्रख्यात ज्यूरी में बिली फाजार्डो, केटी मार्लो और अहटॉय जूलियाना जैसे नाम शामिल थे, जो जनवरी 2020 में होने वाली वर्ल्ड साल्सा समिट (मियामी) के निर्णायक मंडल में भी शामिल रहेंगे। टीन सोलो ओपन में, आशना बागरी को विजेता घोषित किया गया। अपने शानदार प्रदर्शन के साथ, आशना ने मियामी (यूएसए) में 6-13 जनवरी, 2020 तक चलने वाली वर्ल्ड साल्सा समिट के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
पुुरुषों के एमेच्योर सोलो में भाग लेते हुए कैलाश ने फर्स्ट रनर अप और अखिल ने सेकेंड रनर अप की पोजीशन हासिल की। सेम जेंडर ओपन में, कैलाश और अखिल शर्मा ने फर्स्ट रनर अप का खिताब अपने नाम किया, जबकि आशना बागरी और भूमिका बंसल को सेकेंड रनर अप घोषित किया गया। कोच वरुण डी एस राणा ने कहा कि यह उपलब्धि प्रशिक्षकों और छात्रों के सांझा प्रयास का नतीजा है, जो दिन-रात मेहनत कर दृढ़ संकल्प के साथ काम करते रहे। उन्होंने कहा चंडीगढ़ में 7-8 दिसंबर 2019 को स्टेट ओपन डांसस्पोर्ट चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है और इसके विजेता दिसंबर 2019 के अंत में राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग लेंगे।