चंडीगढ़। रणजी ट्रॉफी सीजन 2022-23 में सेक्टर-16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम अपने पहले मैच की मेजबानी के लिए तैयार है। होम ग्राउंड पर खेल रही चंडीगढ़ टीम विदर्भ को हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत का प्रयास करेगी। मुकाबला मंगलवार से सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में शुरू हो रहा है।
मैच से एक दिन पहले सोमवार को यूटीसीए अध्यक्ष संजय टंडन ने ग्राउंड के साथ साथ आयोजन प्रबंधों का जायजा लिया। टंडन ने प्रैक्टिस सत्र के दौरान विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (वीसीए) के टीम प्रबंधकों सहित कोच संजीव शर्मा से मुलाकात की और दोनों टीमों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इंडियन टीम के लिए 23 एक दिवसीय और दो टेस्ट मैच खेल चुके संजीव ने बताया कि उनकी टीम इस टूर्नामेंट में अब तक त्रिपुरा और रेलवे से पहले दो मैच जीत चुकी है जबकि अंतिम दो मैच मध्य प्रदेश और जम्मू एंड कश्मीर से हारी है। उनका प्रयास पांचवां मैच बड़े अंतर के साथ जीतकर नाक आउट दौर में अपनी दावेदारी बरकरार रखना है। वहीं, दूसरी ओर चंडीगढ़ अब गुजरात और मध्य प्रदेश से दो मैच हार चुका है जबकि पंजाब और त्रिपुरा के खिलाफ मैच ड्रॉ रहा।
टीमें इस प्रकार हैं
विदर्भ : अमन मोखाड़े, आर संजय, अक्षय वखाड़े, गणेश सतीश, मोहित काले, हष दुबे, फैज फैजल (कप्तान), शुभम कप्से, अक्षय वाडकर, अथर्व तेड़, सिधेश वैथ, ललित यादव, आदित्य सरवते, नचिकेत भूटे, यश ठाकुर।
चंडीगढ़ : मनन वोहरा (कप्तान), अर्जित सिंह, मोहम्मद अर्सलन खान, भागमेंदर लादेर, गौरव पुरी, कुनाल महाजन, अक्षित राणा, अंकित कौशिक, गुरिंदर सिंह, अभिजीत गर्ग, गौरव गंभीर, हरतेजस्वी कपूर, संदीप शर्मा, रोहित डांढा, जगजीत सिंह संधू।