स्कूलों में 14 जनवरी तक बढ़ी सर्दियों की छुट्टियां
शिक्षा विभाग ने ठंड और धुंध को देखते हुए शहर के सरकारी व निजी स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा तक की सर्दियों की छुट्टियां 14 जनवरी तक बढ़ा दी हैं। शिक्षा विभाग ने इस संदर्भ में गुरुवार को निर्देश जारी किया। वहीं, नौंवी से बारहवीं कक्षा तक के छात्रों की कक्षाएं 9 जनवरी से लगेंगी। स्कूल का समय 9 बजे से शुरू होगा। इस दौरान स्कूल शिक्षकों का वर्किंग डे रहेगा।
अगले तीन दिन का पूर्वानुमान
शुक्रवार को सुबह और रात के समय घनी से बहुत घनी धुंध रहने की आशंका है। दिन के समय बादल छा सकते हैं। अधिकतम तापमान 13 और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शनिवार को भी सुबह और रात के समय हल्की धुंध रहेगी। हालांकि दिन के समय बादल छा सकते हैं। अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। रविवार को धुंध की आशंका कम है लेकिन दिन में बादल छा सकते हैं। अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
दो फ्लाइटें रद्द, पांच ने देरी से भरी उड़ान
घने कोहरे के चलते गुरुवार को शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ से उड़ान भरने वाली दो फ्लाइटें रद्द रहीं जबकि पांच फ्लाइटों ने तय समय से 2 से 3 घंटे की देरी से उड़ान भरी। एयरपोर्ट के सीईओ राकेश रंजन सहाय ने बताया कि दिल्ली व बेंगलुरु की फ्लाइट को कोहरे के चलते रद्द कर दिया गया जबकि पुणे, श्रीनगर, कुल्लू, मुंबई और लेह की फ्लाइटें अपने तय समय से 2-3 घंटे की देरी से रवाना हुईं।