संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी कयाकिंग एवं कैनोइंग चैंपियनशिप-2026 में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (सीयू) ने 104 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल कर ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की। सीयू के पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात स्वर्ण, सात रजत और पांच कांस्य समेत कुल 19 पदक जीते। सुखना लेक पर एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) के तत्वावधान में सीजीसी यूनिवर्सिटी, मोहाली की ओर से एक से छह नवंबर तक प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें देशभर के 50 से अधिक विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस जीत के साथ सीयू ने कयाकिंग एवं कैनोइंग में पिछले तीन वर्षों से जारी अपना शानदार प्रदर्शन बरकरार रखा। इससे पहले 2025 खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में सीयू ने इन दोनों खेलों में 23 स्वर्ण पदक जीतकर लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल करने में अहम भूमिका निभाई थी।