चंडीगढ़। शहर में सोमवार को कोरोना से दो मरीजों की मौत हो गई, जबकि 96 नए संक्रमित मिले हैं। सेक्टर 35 निवासी 79 वर्षीय वृद्धा को अचेत अवस्था में जीएमसीएच 32 लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह मधुमेह, उच्च रक्तचाप, दिल की गंभीर बीमारी व कैंसर से पीड़ित थी। कोरोना का दोनों टीका लगवा रखा था। वहीं, मौलीजागरां के रहने वाले 57 साल के पुरुष की पीजीआई में मौत हो गई। वह मधुमेह, किडनी के गंभीर बीमारी व सांस संबंधी बीमारी से ग्रस्त था। कोरोना का टीका नहीं लगवाया था। संक्रमित मरीजों की तेजी से कम होती संख्या से संक्रमण दर घटकर 5.18 प्रतिशत पर आ गई है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे के दौरान 1852 लोगों की जांच की, जिनमें से 96 में संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमित मरीजों की कम होती संख्या के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने जांच की संख्या भी कम कर दी है। सात दिन की अवधि पूरी करने पर 342 मरीजों की छुट्टी दे दी गई। संक्रमित मिले मरीजों में 53 पुरुष और 43 महिलाएं हैं। अब तक 1141 मरीजों की मौत हो चुकी है। मौजूदा समय में ऑक्सीजन बेड पर 144 व वेंटिलेटर पर 32 मरीज भर्ती हैं।