चंडीगढ़ में शुक्रवार से शुरू हुए रोज फेस्टिवल को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार और रविवार के लिए ट्रैफिक रूट में बदलाव किया है। वीरवार को इस संबंध में एडवाइजरी जारी कर दी गई। फेस्टिवल में पैदल पहुंचने वालों की सुविधा को देखते हुए सेक्टर 16/17 के लाइट प्वाइंट से मटका चौक तक (जन मार्ग) दोपहर 12 से रात 8 बजे तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी
। इस मार्ग की तरफ से आने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा। क्रिकेट स्टेडियम चौक से मटका चौक की तरफ आने वाले वाहन चालक सेक्टर 16/17 लाइट प्वाइंट से दाएं मुड़कर ल्योंस लाइट प्वाइंट पहुंचेंगे, जहां से बाएं मुड़कर सीधे होटल ताज लाइट प्वाइंट और फिर मध्य मार्ग से होकर मटका चौक की ओर निकल जाएंगे।
इसी तरह, मटका चौक से क्रिकेट स्टेडियम चौक की तरफ जाने वाले वाहन चालक ताज होटल लाइट प्वाइंट की ओर बाएं मुड़कर ल्योंस लाइट प्वाइंट होते हुए सेक्टर 16/17 की लाइटों से होते हुए क्रिकेट स्टेडियम चौक पहुंचेंगे।
ध्यान दें, ये हैं बदलाव
1. सुबह 10 से रात 8 बजे तक जीएमएसएच-16 की पूरी सड़क, सेक्टर-15/16/10/11 चौक से मटका चौक, सेक्टर-16/17/9/10 चौक तक की सड़क पर ट्रैफिक बंद रहेगी।
2. टैक्सी कैब सवार लोगों के पिक एंड ड्रॉप प्वाइंट सेक्टर-17 स्थित होटल शिवालिक व्यू के पीछे, सेक्टर-16 शांति कुंज की पार्किंग, सेक्टर-9 मध्य मार्ग के एससीओ के सामने की पार्किंग और सेक्टर-10 के पेट्रोल पंप के पास रहेंगे।
3. वाहन चालकों से पार्किंग स्थल में ही वाहन व्यवस्थित तरीके से लगाने की अपील की गई है ताकि पार्किंग एरिया का अधिक इस्तेमाल हो सके।
4. नो पार्किंग और साइकिल व पैदल राहगीरों के रास्ते पर वाहन खड़े मिलने पर ट्रैफिक पुलिस वाहन टो करने समेत टायरों पर क्लैंप लगाएगी।
5. यदि वाहनों के टायर पर क्लैंप लगे मिलें या पुलिस उन्हें टो कर ले जाए तो ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर-1073 पर संपर्क करें।
यहां पार्क करें वाहन
नगर निगम से होटल शिवालिक व्यू तक के सामने का पार्किंग एरिया, सेक्टर-17 के लोकल बस स्टैंड के पास, सेक्टर-17 टीडीआई मॉल के सामने का पार्किंग एरिया, सेक्टर-17 में डाक घर के समीप का पार्किंग स्थल, नीलम सिनेमाघर से सटा पार्किंग स्थल, सेक्टर-17 की मल्टी लेवल पार्किंग, सेक्टर-16, शांति कुंज का पार्किंग स्थल, सेक्टर-17 में शिवालिक व्यू होटल से सटा खुला ग्राउंड, सेक्टर-17 स्थित नगर निगम ऑफिस और आरएलए के पीछे का पार्किंग स्थल, सेक्टर-9 मध्य मार्ग के एससीओ के सामने का पार्किंग स्थल, सेक्टर-10 पेट्रोल पंप से सटा पार्किंग एरिया, रोज गार्डन के विपरीत जीएमएसएच-16 की दीवार से सटे पार्किंग एरिया में ही वाहन पार्क करें।