इसके अलावा उन्होंने कोरोना के जांच की संख्या को भी बढ़ाने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा चंडीगढ़ पुलिस के डीजीपी संजय बेनीवाल ने बताया कि शहर के बॉर्डर प्वाइंट सील कर दिए गए हैं और करीब 2000 गाड़ियों को सीज किया है, जिन्होंने कर्फ्यू के आदेशों की अवहेलना की है।
किसानों को नहीं आएगी कोई समस्या: मनोज परिदा
एडवाइजर मनोज परिदा ने बैठक में बताया कि भारत सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में खेती करने वाले किसानों को छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि फसलों की कटाई और उन्हें मंडी तक पहुंचाने में प्रशासन की तरफ से किसानों की मदद की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस बारे में फूड कारपोरेशन ऑफ इंडिया से भी बातचीत जारी है ताकि मुख्य मंडी में किसी तरह की भीड़ एकत्रित न हो। इसके अलावा नगर निगम के कमिश्नर केके यादव ने बताया कि सेक्टर-26 की होलसेल मंडी की भीड़ को कम करने के लिए वहां के कुछ थोक व्यापारियों को सेक्टर-39 की मंडी में भी शिफ्ट करने की योजना बनाई जा रही है।
कर्फ्यू में न दी जाए ढील: बदनौर
प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने आदेश दिए कि कर्फ्यू में किसी तरह की ढील नहीं दी जाए। 14 अप्रैल के बाद कैसे लॉकडाउन को खोलना है, इसका प्लान तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी जिले मोहाली और पंचकूला में कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में संक्रमण चंडीगढ़ में न आ पाए इसके लिए चंडीगढ़ के एंट्री प्वाइंट्स पर सख्त निगरानी की जाए। वहां पर सैनिटाइजेशन की सुविधा भी मुहैया कराई जाए।
बैठक में एडवाइजर मनोज परिदा ने बताया कि कई शहरवासी प्रधानमंत्री केयर फंड में दान देने के लिए चेक एडवाइजर, डीसी और पंजाब राजभवन भेज रहे हैं जबकि भारत सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार पीएम केयर फंड में भेजे जाने वाले सभी डोनेशन सीधे उनके खाते में अकाउंट नंबर के द्वारा भेजे जाने हैं।