चंडीगढ़। पुडुचेरी में खेली जा रही प्लेट ग्रुप के बीसीसीआई सीनियर वनडे वुमेन्स टूर्नामेंट में सोमवार को चंडीगढ़ ने लगातार आठवीं जीत दर्ज करते हुए मिजोरम को 122 रनों से हराया। इस जीत के साथ चंडीगढ़ ने नाकआउट दौर में प्रवेश कर लिया है। अब चंडीगढ़ का नौवां व अंतिम लीग मैच 11 मार्च को नगालैंड के साथ है। चंडीगढ़ के पांच विकेट के 197 रनों के जवाब में मिजोरम 75 रनों पर ही ढेर हो गई।
इससे पूर्व चंडीगढ़ ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और सलामी बल्लेबाजों ने भी सधी हुई शुरुआत दी। पारी के 12वें ओवर में 21 के टीम स्कोर पर मोनिका पांडेय 7 रन पर ऐरिना का शिकार हुई। इसके बाद मनीशा बधन और सुमन दोनों ने मिलकर स्कोर को 52 रनों तक पहुंचाया। इसके बाद सुमन 12 रन पर बोले रुचिता का शिकार हुई। कप्तान अमनजोत कौर ने क्रीज पर जमी हुई बल्लेबाज मनीशा बधन के साथ मोर्चा संभाला और दोनों ने मिलकर करीब 13 ओवर्स में 71 रन जुटाए। 34वें ओवर में टीम के 123 रनों पर ऐरिना ने मनीशा बधन का विकेट झटका। मनीशा ने 53 रनों की पारी खेली, जिसके बाद कप्तान अमनजोत ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया। पारी के 45वें ओवर में अमनजोत 57 के निजी स्कोर पर पुईपुई की गेंद पर जूली को कैच थमा बैठी। इसके बाद रजनी देवी पारी की आखिरी गेंद पर छह रन बनाकर रन आउट हुई। नाबाद बल्लेबाज प्रियंका गुलेरिया के 42 रनों की मदद से चंडीगढ़ ने 50 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 197 रन जुटाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मिजोरम की शुरुआत निराशाजनक रही और पांचवें ही ओवर में सलामी बल्लेबाज ओमोमी 3 रन पर नंदिनी शर्मा द्वारा एलबीडब्ल्यू आउट करार दी गई। इस समय स्कोर बोर्ड पर मात्र आठ रन ही हुए थे। प्राजक्ता और बोले रुचिता की जोड़ी ने स्कोर को 33 रनों तक ले गए, लेकिन पारी के 17वें ओवर में प्राजक्ता, रजनी देवी द्वारा 19 के निजी स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट हुई। चार ओवर बाद ही रजनी देवी ने एक और विकेट तेरामी के रूप में झटका, जिससे स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 37 रन हुआ। इसके बाद रुचिता और अपूर्वा भारद्वाज की जोड़ी 71 रनों तक संभाल ही रही थी कि टीम को चौथा विकेट अपूर्वा के रूप में गिरा, जिसे पारुल सैनी ने 11 के निजी स्कोर पर आउट किया। इसके बाद मिजोरम की विकेटों का गिरने का सिलसिला शुरू हुआ और टीम ने अगले मात्र चार रनों पर शेष छह विकेटें गिराईं।
कुमारी शिबी ने एमपी सिंगसन एक को क्लीन बोल्ड किया, जबकि पारी का सर्वाधिक स्कोर जड़ चुकी रुचिता (38) को पारुल सैनी ने आउट किया। कप्तान अमनजोत कौर ने जूली और ऐरिन को शून्य-शून्य के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। नंदिनी शर्मा ने जोथनसंगी और सन देई को शून्य-शून्य पर आउट कर पूरी टीम को 39वें ओवर में मात्र 75 रनों पर ही समेट दिया। नंदिनी शर्मा ने नौ रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट लिए, जबकि अमनजोत कौर, रजनी देवी और पारुल सैनी ने दो-दो विकेट चटकाए। कुमारी शिबी को एक ही विकेट से संतोष करना पड़ा।