चंडीगढ़। लुधियाना वेस्ट से आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत गोगी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर में गोगी बिना हेलमेट बाइक पर बैठे नजर आ रहे हैं। वहीं, उनके पीछे बैठे व्यक्ति ने भी हेलमेट नहीं लगाया है। यह तस्वीर चंडीगढ़ की है। कुछ लोगों ने इस तस्वीर को चंडीगढ़ पुलिस को टैग करते हुए सोशल मीडिया पर डाला है और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित की ओर से पंजाब विधानसभा सत्र की मंजूरी नहीं देने पर बीते 22 सितंबर को आम आदमी पार्टी के नेताओं ने पंजाब विधानसभा से लेकर राजभवन तक रोष मार्च निकाला था। इस रोष प्रदर्शन में पंजाब के कई विधायक और नेता शामिल हुए थे। इसमें लुधियाना वेस्ट के विधायक गुरप्रीत गोगी भी शामिल थे। गोगी एक मोटरसाइकिल पर सवार थे और उनके पीछे एक व्यक्ति बैठा हुआ था। दोनों ने ही हेलमेट नहीं पहना था। किसी ने उनकी फोटो खींची और सोशल मीडिया पर डाल दिया। यह तस्वीर खूब वायरल हो रही है।