चंडीगढ़। कोरोना टीकाकरण अभियान में लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए बुधवार को पीजीआई के भार्गव सभागार में ओपन हाउस जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पीजीआई निदेशक समेत अन्य उच्चाधिकारियों व विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य कर्मचारियों से टीका लगवाने की अपील की। उनका कहना था कि चिकित्सकीय संस्थान में काम करने के नाते उन्हें अफवाहों पर भरोसा न कर टीका लगवाकर खुद को संक्रमण से बचाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने पीजीआई के प्रत्येक हेल्थ केयर वर्कर से टीका लगवाकर इस अभियान को सफल बनाने के लिए कहा गया। कार्यक्रम में 400 से अधिक स्वास्थ्य कर्मचारियों ने भाग लिया।
पीजीआई निदेशक प्रोफेसर जगतराम ने बताया कि पंजाब सहित कुछ राज्यों में फिर से पॉजिटिव मामले बढ़ने लगे हैं। ऐसी स्थिति में जरूरी है कि टीकाकरण कर अपने साथ अपने परिवार व समाज को संक्रमण से बचाने में योगदान दिया जाए। उप निदेशक प्रशासन कुमार गौरव धवन ने भ्रामक मिथकों पर विश्वास करने की बजाय अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया। वहीं चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर एके गुप्ता ने वैज्ञानिक संस्थान में काम करने के नाते विज्ञान के प्रमाण पर पूरा भरोसा कर स्वयं को सुरक्षित रखने की बात कही। प्रोफेसर मधु गुप्ता ने टीकाकरण अभियान में भ्रम की स्थिति को दूर करने के लिए बताया कि पीजीआई ने खुद वैक्सीन का सफलतापूर्वक ट्रायल किया है। ऐसी स्थिति में भ्रम पर विश्वास करना गलत होगा। प्रोफेसर पंकज गुप्ता ने बताया कि अभियान के अंतर्गत अब तक 4000 से अधिक स्वास्थ्य कर्मचारियों को टीका लगाया जा चुका है, जिनमें से केवल दो कोरोना संक्रमित हुए हैं। ओपन हाउस कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने विशेषज्ञों से टीकाकरण को लेकर कई सवाल भी पूछे, जिसका उन्हें उदाहरण के साथ सटीक जवाब दिया गया।