चंडीगढ़। सेक्टर-7 स्थित केबी डीएवी स्कूल में शनिवार को सत्र 2021-22 के लिए विद्यार्थियों की ट्यूशन फीस के साथ मेडिकल, इंटरनेट व कंप्यूटर फीस मांगने पर अभिभावकों ने प्रदर्शन किया। अभिभावक शनिवार को स्कूल में बच्चों का रिपोर्ट कार्ड लेने पहुंचे थे। इस दौरान स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को वार्षिक फीस की भी सूचना दे दी। नए सत्र की फीस में बढ़ोतरी देख अभिभावकों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। हालात बिगड़े नहीं, इसलिए स्कूल प्रबंधन ने मौके पर पुलिस बुला ली।
अभिभावक सत्यवीर ने बताया कि उनके दो बच्चे स्कूल में पढ़ते हैं। स्कूल ने फीस में लगभग डेढ़ गुना बढ़ोतरी कर दी है। परमिंदर ने बताया कि स्कूल की ओर से ट्यूशन फीस के साथ मेडिकल, इंटरनेट और कंप्यूटर फीस भी मांगी जा रही है, जबकि पिछले सेशन में ऑनलाइन पढ़ाई हुई और अभी भी बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम में करवाई जा रही है। फिर स्कूल को ट्यूशन फीस के अलावा अन्य फीस क्यों दें। बच्चे स्कूल के कंप्यूटर और इंटरनेट का इस्तेमाल ही नहीं कर रहे हैं। स्कूल प्रबंधन ने मौके पर अभिभावकों से बातचीत की।
अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर फीस से अतिरिक्त चार्ज नहीं हटाए गए तो वे शिक्षा विभाग को शिकायत कर हस्तक्षेप की मांग करेंगे। स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को आश्वासन दिया है कि 10 अप्रैल तक केबी डीएवी मैनेजमेंट और चंडीगढ़ प्रशासन से बात करके उन्हें जवाब दिया जाएगा।
कोट
कोरोना हालात को देखते हुए लेंगे फैसला
स्कूल के अतिरिक्त फीस मांगने के मामले में पहले संबंधित अधिकारियों से बात की जाएगी। कोरोना के केसों को देखते हुए सुप्रीमकोर्ट और पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश को देखते हुए रिपोर्ट तैयार करेंगे। अंतिम फैसले के लिए रिपोर्ट चंडीगढ़ प्रशासन को भेजी जाएगी।
-रुबिन्दरजीत सिंह बराड़, शिक्षा निदेशक
शिक्षा विभाग के निर्देशों का इंतजार
पिछले सेशन में कोरोना को देखते हुए ट्यूशन फीस नहीं बढ़ाई थी। इस बार 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। हालात सामान्य होने पर विद्यार्थियों को स्कूल में बुलाकर कक्षाएं लगवाई जाएंगी। पिछले सेशन में विद्यार्थियों की परीक्षा भी ऑफलाइन करवाई गई थी। विद्यार्थियों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए स्कूल में डॉक्टर और मेडिकल सुविधा उपलब्ध है, इसलिए फीस में मेडिकल फीस जोड़ी गई है। अभी हम शिक्षा विभाग के आदेश का इंतजार कर रहे हैं, अगर सेशन ऑनलाइन रहता है और फीस में कटौती के निर्देश मिलते हैं तो उस पर विचार करेंगे।
- पूजा प्रकाश, प्राचार्या, केबीडीएवी-7