चंडीगढ़। शहर के प्रमुख खेल संगठन चंडीगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन का विवाद फिर गहरा गया है। रविवार को अमरिंदर बजाज की अध्यक्षता में हुई वार्षिक संस्था की आम बैठक में एसोसिएशन के महासचिव एनएस ठाकुर को बर्खास्त कर दिया गया। दूसरी ओर, ठाकुर ने दावा किया उन्हें निकाला नहीं जा सकता। ऐसे में एसोसिएशन के दोनों गुट अस्तित्व को लेकर आमने-सामने हो गए हैं।
सेक्टर-43 के एक निजी होटल में हुई आम बैठक के बाद पत्रकार वार्ता बुलाकर एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरिंदर बजाज ने संगठन विरोधी गतिविधियों व नियमों की अवहेलना के चलते महासचिव एनएस ठाकुर को बर्खास्त करने की जानकारी दी। कहा कि कार्यकारिणी समिति व वार्षिक आम बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया। बजाज ने बताया कि इससे पहले 17 सितंबर 2023 को भी कार्यकारिणी समिति की बैठक में एनएस ठाकुर को निलंबित किया गया था और आज उन्हें पूरी तरह से एसोसिएशन से बाहर कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि रविवार को कार्यकारिणी समिति के 9 सदस्यों में से 7 और मान्यता प्राप्त 32 एसोसिएशनों में से 26 के पदाधिकारियों ने भाग लिया था। एक सवाल के जवाब में बजाज ने कहा कि वह मुझे बाहर का कहते हैं लेकिन मैं चंडीगढ़ जिस मकान में किराए पर रहता हूं, उसका सबूत मैंने कोर्ट में दिया है। उन्होंने कहा कि ठाकुर खुद बताएं कि वह कहां रहते हैं। उन्होंने कहा कि वह 4 साल पहले मेरे साथ काम कर रहे थे तो मैं बाहर का नहीं था और जब उनसे अकाउंट डिटेल मांगा तो मैं बाहर का हो गया।
कहा-आठ में से कार्यकारिणी के सात सदस्य मेरे साथ
बजाज ने बताया कि इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के पर्यवेक्षक के सामने चंडीगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन का चुनाव हुआ था, जिसमें से कार्यकारिणी समिति के लिए 9 लोग चुने गए थे, जिनमें से खजांची पद पर रहने वाले हरीश कक्कड़ ने निजी कारणों से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद बचे 8 सदस्यों में से 7 सदस्य मेरे के साथ हैं, ऐसे में एसोसिएशन का संचालन ठाकुर नहीं कर सकते। बजाज ने कहा कि वार्षिक आम बैठक के लिए सभी मान्यता प्राप्त एसोसिएशनों को रविवार को होने वाली बैठक के लिए आमंत्रित किया गया था। इनमें से कुछ के अधिकारियों ने जानकारी दी कि वह बैठक में भाग नहीं ले सकते लेकिन जूडो व रोइंग एसोसिएशन की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई। इस कारण इन दोनों एसोसिएशन को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। बजाज ने कहा कि एसोसिएशन का मामला हल होने के बाद स्टेट गेम्स का आयोजन किया जाएगा। कहा कि वह शहर खिलाड़ियों को हो रही दिक्कतों को लेकर जल्द ही यूटी खेल विभाग के अधिकारियों से बात करेंगे।
बजाज को पहले ही निकाला जा चुका है : ठाकुर
उधर, एनएस ठाकुर ने कहा कि चंडीगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर बजाज मुझे बर्खास्त नहीं कर सकते क्योंकि उनको पहले ही निकाला जा चुका है। चंडीगढ़ स्पोट्स काउंसिल भी मुझे सचिव और डा. अनमोल रत्न सिद्धू को अध्यक्ष मानती है। बजाज ने मुझसे अकाउंट डिटेल नहीं मांगा था बल्कि मैंने डिटेल मांगी थी लेकिन उन्होंने नहीं दिया।