Municipal Corporation office Chandigarh
- फोटो : File Photo
पूरी पेमेंट न करने पर निगम की ओर से सील किए गए मौली कॉम्प्लेक्स के एक बूथ का ताला तोड़कर स्थानीय निवासी ने उसे किराये पर चढ़ा दिया। मंगलवार को इसकी सूचना मिलते ही निगम के रोड विंग के अधिकारियों ने मौके पर जाकर देखा तो सील हो चुके बूथ शराब की पेटियों से भरा था। इसके बाद रोड विंग के एसडीओ बलराज छिकारा ने मौके पर पुलिस और एरिया पार्षद व डिप्टी मेयर अनिल दूबे को मौके पर बुलाकर बूथ की स्थिति से अवगत करवाया।
मौली कॉम्प्लेक्स की इस बूथ मार्केट के बूथ नंबर 31 पर साथ लगते शराब के ठेकेदार ने अपनी शराब की पेटियां रखी हुईं थीं। मौलीजागरां थाना प्रभारी बलदेव कुमार ने ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों से पूछा तो पता चला किइस बूथ पर शराब किसी के कहने पर रखी गई है। ठेके के कर्मचारियों ने बताया कि मार्केट के सामने रहने वाले कुलविंदर सिंह ने इस बूथ को अपना बताकर उनको 10 हजार रुपये किराये पर दिया हुआ है। निगम और पुलिस की जांच में पता चला कि बूथ तो निगम ने अलॉटी द्वारा बूथ के पैसे जमा न करवाने पर सील किया हुआ था। इसके बाद पुलिस ने शराब से भरे बूथ पर ताला लगाकर रोड विंग के सुपरवाइजर गुरदेव सिंह की शिकायत मौली कॉम्प्लेक्स निवासी कुलविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
दिल्ली साड़ी सेंटर के नाम से थी दुकान
पुलिस जांच में पता चला है कि बूथ नंबर 31 को 25 प्रतिशत राशि निगम को देकर 26 फरवरी 2002 को किसी ने अलॉट करवाया था। उसी साल अलॉटी ने इस बूथ में दिल्ली साड़ी सेंटर के नाम दुकान खोली थी, लेकिन उसी साल अलॉटी अपना काम बंद करके चला गया। इसके बाद निगम ने पूरी पेमेंट न होने पर बूथ पर अपना ताला लगाकर उसे सील कर दिया था। कुलविंदर ने काफी समय पहले इस बूथ की सील तोड़कर इसे 10 हजार रुपये किराए पर दे दिया था।