नगर निगम सदन की बैठक में सोमवार को हंगामा होना तय है। सदन की बैठक में कांग्रेसी पार्षदों ने पूरी तैयारी कर ली है। दक्षिणी सेक्टरों की सफाई का काम देख रही लायंस कंपनी द्वारा सेक्टर-47 के फॉरेस्ट एरिया में कूड़ा गिराने का मामला उठेगा। इस पर जोरदार हंगामा होगा। कांग्रेसी पार्षद देवेंद्र सिंह बबला और अन्य कांग्रेसी पार्षद सदन में मुद्दा उठाएंगे। बबला का कहना है कि वे बहुत पहले ही लायंस कंपनी को नगर निगम कार्यालय में कमरा देने का विरोध किया था।
बबला का कहना है कि लायंस के कर्मचारी नगर निगम के दिए कमरे में आराम फरमा रहे हैं और दूसरी ओर उनके सफाई कर्मचारी सेक्टर-47 के फारेस्ट एरिया में कूड़ा गिरा रहे हैं। नगर निगम सफाई पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी जब यह हालत है तो सवाल उठेगा।
एजेंडा ही तैयार नहीं है :मेयर
मेयर आशा जसवाल का कहना है कि कम्युनिटी सेंटर का रेट बढ़ाने की जो चर्चा है वह ठीक नहीं है। इस पर कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है। जब कोई रिपोर्ट आएगी तो इस पर तय होगा कि रेट बढ़ाना है या घटाना है या क्या सुविधाएं दी जाएगी। मेयर का कहना है कि कम्युनिटी सेटरों के लिए एक स्पेशल कमेटी बनाई गई थी। उसकी बैठक के बाद कमेटी की ओर से रिपोर्ट सौंपी जानी थी। अभी तो रिपोर्ट तैयार की जा रही है। लोगों को सुविधाएं देने के लिए कई सुझाव दिए गए थे उस पर चर्चा बैठक में हुई थी। उन्होंने कहा कि अखबारों में खबर छपने के बाद उन्होंने अधिकारियों से बात की है। मेयर का कहना है कि उन्होंने मौखिक रूप से बैठक के बारे में बताया गया है। रेट बढ़ने की कोई बात नहीं है। कम्युनिटी सेंटर के रूल्स तय भी किया जाना था।