जल्द ही ट्राइसटी के लोगों को आर्गेनिक वेजिटेबल एंड फ्रूट का स्वाद मिल सकेगा। मार्केट कमेटी के प्रशासक ने अब एक बार फिर आर्गेनिक को बढ़ावा देने के लिए ड्राफ्ट बनाने की बात कही है। साथ ही आर्गेनिक उत्पादों के लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के सप्लायरों से भी मार्केट कमेटी संपर्क साधेगी। ट्राइसिटी की प्रमुख मंडियों में शुमार सेक्टर- 26 की मंडी में मार्केट कमेटी ने वर्ष 2017 में आर्गेनिक फ्रूट और वेजिटेबल सप्लायरों को फ्री में स्पेस उपलब्ध कराया था।
सप्लायर यहां सोमवार के नियत दिन में बाजिब दामों पर ट्राइसिटी के लोगों को आर्गेनिक उत्पाद उपलब्ध कराते थे। दो साल तो सब कुछ ठीक चला, लेकिन 2019 के जनवरी माह में सप्लायरों के अभाव में आर्गेनिक उत्पाद मिलने बंद हो गए। अब एक बार फिर मार्केट कमेटी आर्गेनिक उत्पादों की बिक्री के लिए मन बना रही है। सप्लायरों की तलाश में कमेटी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में संभावनाओं को तलाश रही है। साथ ही इसके लिए मार्केट कमेटी के प्रशासक अपनी देखरेख में एक ड्राफ्ट भी तैयार करवा रहे हैं।
उत्तराखंड के जलना गांव संपर्क करेगी कमेटी
ट्राइसिटी में आर्गेनिक फ्रूट एंड वेजिटेबल के सप्लायरों की तलाश में मार्केट कमेटी उत्तराखंड के नैनीताल जिले के जलना गांव भी जाएगी। यहां पूरे गांव में रहने वाले अधिकांश लोग आर्गेनिक खेती करते हैं। आर्गेनिक उत्पादों की पैदावार कर यहां के ग्रामीण दूसरे राज्यों में उत्पादों को बेंचकर भरपूर लाभ प्राप्त कर रहे हैं।