ट्राइसिटी में पीजीआई, कमांड हॉस्पिटल, मैक्स, फोर्टिस जैसे बड़े और नामी अस्पतालों के कारण वेस्ट मेडिकल ट्रीटमेंट सुविधा के चलते चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एयर एंबुलेंस हब बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। एयर कमोडोर श्रीनिवासन के इस प्रस्ताव पर चंडीगढ़ एयरपोर्ट के सीईओ सुनील दत्त ने कहा कि वे इस प्रस्ताव पर काम करेंगे। एयर एंबुलेंस हब बनाने का प्रस्ताव सिरे चढ़ता है तो चंडीगढ़ के साथ पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के मरीज इसका इस्तेमाल कर बेहतर सुविधाएं पा सकेंगे।
सीनियर एडवोकेट एमएल सरीन ने बताया कि पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर उनकी अध्यक्षता में एक बैठक हुई, जिसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। अभी तक कैट-1 सुविधा के लिए 9000 फुट रनवे तैयार हो चुका है और बुधवार से एयरपोर्ट कैट 1 सुविधा से लैस हो गया है। फरवरी के अंत तक रनवे पूरी तरह से तैयार कर लिया जाएगा और मार्च के अंत तक कैट-2 सुविधा शुरू की जा सकेगी।