चंडीगढ़ में पर्यटन दिवस (27 सितंबर) की तैयारियां जोरशोर से चल रहीं हैं। इस दिन शहर आने वाले पर्यटकों को विभाग मुफ्त में हॉप ऑन-हॉप ऑफ बस की सवारी कराएगा। वहीं सिटको के होटल माउंट व्यू ने अपने कैफे में 25 फीसदी के डिस्काउंट की घोषणा की है। सोमवार से डांडिया महोत्सव और सिटको के सभी होटलों में नवरात्रि थाली भी शुरू की जा रही है।
शहर में सोमवार से लेकर चार अक्तूबर तक रोजाना सेक्टर-17 के प्लाजा में शाम 7 बजे से डांडिया महोत्सव होगा। शुरुआत अहमदाबाद के कलाकारों के डांडिया से होगी। 15 गुजराती कलाकार गुजरात के लोक नृत्य को चंडीगढ़ ला रहे हैं। नौ दिनों तक चलने वाले इस उत्सव का स्वागत सुखना लेक पर नवरात्रि के विशेष भोज, गरबा और डांडिया के पारंपरिक नृत्य की शाम के साथ होगा। पर्यटन विभाग के अनुसार, इसमें हिस्सा लेने के लिए कपल्स को 300 रुपये और स्टैग को 200 रुपये चुकाने होंगे। इसके अलावा नवरात्रि पर सिटको ने सुखना लेक के शेफ लेक व्यू, होटल माउंट व्यू, पार्क व्यू और शिवालिक व्यू में व्रत रखने वाले लोगों के लिए विशेष व्यंजनों की शुरुआत की है।
ये होंगे दाम
- सुखना लेक के शेफ लेक व्यू में 250 रुपये में साबूदाना पापड़, कुट्टू पुरी, मीठी और नमकीन लस्सी, शाही कोफ्ता, समक आदि।
- होटल माउंट व्यू में 450 रुपये (टैक्स अतिरिक्त) में साबूदाना खीर, कचालू के कोफ्ते, काजू मखाना करी आदि।
- होटल पार्क व्यू में 275 रुपये में अरवी व कद्दू की सब्जी, साबूदाना खीर, समक चावल आदि।
- शिवालिक व्यू में 300 रुपये में कद्दू की सब्जी, साबूदाना आलू टिक्की, साबूदाना खीर आदि।