ट्राइसिटी में मंगलवार को रिकॉर्ड 762 नए संक्रमितों के मिलने और छह मरीजों की मौत से हड़कंप मच गया। एक दिन में मिलने वाले नए मरीजों की यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इनमें चंडीगढ़ के 376, मोहाली के 168 और पंचकूला के 218 नए मरीज शामिल हैं। वहीं, मृतकों में तीन मोहाली, एक चंडीगढ़ और दो पंचकूला के रहने वाले थे।
चंडीगढ़ में मंगलवार को जहां हल्लोमाजरा निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने कोरोना से दम तोड़ दिया, वहीं एक दिन में रिकॉर्ड 376 नए संक्रमितों के मिलने से हड़कंप मचा रहा। राहत की बात यह रही कि स्वस्थ होने पर 226 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया। शहर में कोरोना से अब तक 75 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं पॉजिटिव केसों की संख्या 6375 हो गई है।
पॉजिटिव केस सेक्टर तीन, चार, पांच, सात, नौ, 11, 12, 15, 16, 17, 18, 19 में आए हैं। इनके अलावा सेक्टर 20 से लेकर 30 तक व सेक्टर 32 से लेकर 35 तक पॉजिटिव केस आए हैं। सेक्टर 37,38, 39 के अलावा सेक्टर 40 से लेकर 51 तक में भी कोरोना के कई केस मिले हैं। सेक्टर 63, डड्डूमाजरा, बुड़ैल, दड़वा, धनास, हल्लोमाजरा, कजहेड़ी, खुड्डा अलीशेर, खुड्डालाहौरा, किशनगढ़, मलोया, मनीमाजरा, मौलीजागरां, रामदरबार, रायपुर खुर्द, बापूधाम में भी कोरोना की चपेट में लोग आए हैं।