शॉपिंग वेबसाइट अमेजन द्वारा ऑनलाइन लैपटॉप खरीदने पर कीमत से ज्यादा रुपये वसूलने पर उपभोक्ता फोरम ने अमेजन पर 12 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। यह राशि शिकायतकर्ता को देने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही अमेजन द्वारा ज्यादा लिए गए 1,465 रुपये को भी शिकायतकर्ता को लौटाने के आदेश दिए हैं। यह फैसला जिला उपभोक्ता विवाद निवारण फोरम-1 चंडीगढ़ ने सुनाया है।
सेक्टर-20 निवासी तेजिंदर सिंह रंधावा ने उपभोक्ता फोरम को शिकायत दी थी कि उन्होंने अमेजन से लैपटॉप खरीदा। वेबसाइट पर लैपटॉप की कीमत 30,712 रुपये थी। वहीं, पैकिंग चार्ज और वैट के साथ कीमत 32,555 रुपये तक पहुंच गई। जब पार्सल उनके पास पहुंचा तो बॉक्स पर एमआरपी 31,090 अंकित था। तेजिंदर ने उपभोक्ता फोरम को बताया कि एमआरपी पर वैट लगाया गया। साथ ही बताया कि उनसे 1,465 रुपये ज्यादा वसूले गए।
अमेजन ने उपभोक्ता फोरम में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि प्रोडक्ट लैपटैक सॉल्यूशन द्वारा बेचा गया है और वही इसके जिम्मेदार हो सकते हैं। इस पर लैपटैक सॉल्यूशन ने अपने जवाब में कहा कि उनकी तरफ से जो कीमत वेबसाइट पर दिखाई गई थी उसी कीमत पर लैपटॉप को बेचा गया और बिल भी उसी कीमत का दिया गया।
हालांकि फोरम ने शॉपिंग वेबसाइट व लैपटैक सॉल्यूशन को दोषी पाया और आदेश दिए कि वह शिकायतकर्ता को ज्यादा वसूले गए 1,465 रुपये अदा करें। साथ ही शिकायतकर्ता को मानसिक प्रताड़ना झेलने के लिए 7 हजार और मुकदमा दायर करने के खर्च के लिए 5 हजार रुपये भुगतान करने के आदेश दिए।