चंडीगढ़। चंडीगढ़ कांग्रेस शहर में भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने जा रही है। सेक्टर 35 स्थित कांग्रेस भवन में वीरवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की ने बताया कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से प्रेरित होकर यह यात्रा शुरू करने का फैसला किया है।
चंडीगढ़ के लिए भारत जोड़ो यात्रा के चंडीगढ़ के प्रदेश समन्वयक विनोद शर्मा ने बताया कि यात्रा चंडीगढ़ में 20 नवंबर को विकास नगर से शुरू होगी। यह यात्रा एक महीने तक चलेगी। शहर भर में करीब 500 किलोमीटर की यात्रा होगी। यह सेक्टर, गांवों और कॉलोनियों में सभी 600 बूथों तक जाएगी।
इस दौरान भाजपा की विभाजनकारी नीतियों को उजागर किया जाएगा। हम चंडीगढ़ के हर घर तक जाएंगे। एक पंफलेट में यात्रा का मकसद और स्थानीय समस्या का जिक्र होगा। लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ के 100 से अधिक कार्यकर्ताओं का स्थायी यात्रियों के रूप में नामांकन किया है। ये यात्री अगले 30 दिनों में पूरे चंडीगढ़ के विभिन्न हिस्सों की यात्रा करेंगे। पार्टी ने यात्रा के लिए जिला समन्वयक के रूप में दिलावर सिंह, जाहिद परवेज खान, मुकेश राय, रवि ठाकुर, मनोज गर्ग और परीक्षित राणा को नामित किया है। लक्की ने सभी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, गैर सरकारी संगठनों और चंडीगढ़ के लोगों से इसमें भाग लेकर यात्रा को समर्थन देने की अपील की।