चंडीगढ़। सेक्टर-10 स्थित लेजर वैली में शुक्रवार को तीन दिवसीय चंडीगढ़ कार्निवल की शुरुआत होगी। पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित दोपहर 12 बजे कार्निवल का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान सांसद किरण खेर व अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। वे कार्निवल परेड और विकसित भारत संकल्प यात्रा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इस बार का कार्निवल बच्चों के लिए खास रहने वाला है, क्योंकि कैंडी लैंड थीम पर सजावट होगी। लेजर वैली में जोरशोर से तैयारियां चल रही हैं। वीरवार को लेजर वैली में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। कार्निवल में तीनों दिन म्यूजिकल नाइट्स होगी। शुक्रवार को पहले दिन शाम सात बजे हिमाचल पुलिस का आर्केस्ट्रा होगा। शनिवार को कैलाश खेर और रविवार को बब्बू मान समां बांधेंगे। तीनों दिन सुबह 10 से शाम सात बजे तक सेक्टर-10 स्थित म्यूजियम व आर्ट गैलरी में विंटेज कार डिस्प्ले और ललित कला अकादमी की तरफ से भी पेंटिंग प्रदर्शनी लगाई जाएगी। पहली बार कार्निवल में पर्यटन विभाग शौकिया कलाकारों को भी सैकड़ों लोगों के सामने अपना टैलेंट दिखाने का मौका देगा। इच्छुक लोग 9464290966 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही इस बार चंडीगढ़ कार्निवल में स्थानीय वन्य जीव पर्यटन पर विशेषज्ञों की पैनल चर्चा भी होगी। इसमें बंगलूरू से विशेषज्ञ सैमुएल पहुंचेंगे।