चंडीगढ़। संयुक्त रामलीला महासंघ की ओर से धनास स्थित युवा विकास मंच रामलीला एवं दशहरा कमेटी के मंच पर आयोजित तीन दिवसीय रामलीला प्रतियोगिता का समापन हो गया। यह प्रतियोगिता 7 से 9 अक्तूबर तक चली। इसमें 13 रामलीला कमेटियों ने भाग लिया। अपनी सीन मंचन के लिए इन कमेटियों को 20 - 20 मिनट का समय मिला।
प्रतियोगिता में सेक्टर- 20 के आजाद ड्रामाटिक क्लब रामलीला एवं दशहरा कमेटी ने सीता रावण और रावण हनुमान संवाद दृश्य का मंचन कर पहला स्थान प्राप्त किया। साथ ही बेस्ट कॉस्टयूम के विजेता भी रहे। मनीमाजरा के द नेशनल एडी क्लब ने दृष्टि दृश्य दिखाया और उसे दूसरा स्थान और बेस्ट एक्टर कंसोलेशन व बेस्ट मेकअप विजेता बनी। सेक्टर- 40 के उत्तरांचल रामलीला मंडली एवं दशहरा कमेटी ने रावण अहिरावण दृश्य का मंचन कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही बेस्ट स्टेज सेटअप के विजेता बने।
बेस्ट सीन कंसोलेशन का पुरस्कार सेक्टर- 7 नवयुग रामलीला कमेटी के दृश्य जल समाधि को मिला। वहीं बेस्ट एक्टर ज्योति स्वरूप भारद्वाज रावण के किरदार के लिए बने। बेस्ट म्यूजिक भी उन्हीं के सीन रावण प्रतिशोध को मिला। बेस्ट एक्टर फीमेल सेक्टर- 26 जय भारत ड्रामाटिक क्लब के सीता परित्याग दृश्य में बनी माता सीता द्विजोत कौर को मिला। बेस्ट डायरेक्टर का पुरस्कार भी सेक्टर 26 के दृश्य सीता परित्याग को मिला। प्रतियोगिता को चंडीगढ़ के जाने-माने थियेटर आर्टिस्ट सुदेश शर्मा, तेजभान गांधी और राकेश वर्मा ने प्रतियोगिता में जज बने। संयुक्त रामलीला महासभा के प्रधान रोहित शर्मा, चेयरमैन नरेंद्र शर्मा और महासचिव परमजीत सिंह पम्म ने सभी रामलीला कमेटियों को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से प्रतियोगिता हुई।