चंडीगढ़ के जीएमएसएसएस-19 से बारहवीं कक्षा में शहर में टॉप करने वाली अंकिता पंवार ने यूपीएससी परीक्षा में एआईआर-28वीं पाई है। अंकिता आईआईटी रूड़की से बीटेक पासआउट हैं। उन्हें 22 लाख का पैकेज मिला था लेकिन समाज के लिए काम करने की इच्छा के चलते नौकरी छोड़कर यूपीएससी के लिए तैयारी करनी शुरू की।
मूलरूप से हरियाणा के जींद के गोसाईं गांव की रहने वाली अंकिता का परिवार सेक्टर-7 में रहता है। अंकिता ने बताया कि साल 2020 में दूसरे प्रयास में यूपीएससी में 321वीं रैंक हासिल की थी। अभी दानिक्स काडर के तहत ट्रेनिंग चल रही है। ट्रेनिंग के दौरान उन्होंने अपनी रैंक बेहतर करने के लिए तैयारी जारी रखी। चौथे प्रयास में अंकिता को यह सफलता मिली।
अंकिता ने बताया कि यूपीएससी में बेहतर करने के लिए आत्मविश्वास होना जरूरी है। लक्ष्य तय कर तैयारी को नियमित जारी रखें। अधिक से अधिक पुराने प्रश्न पत्र और मॉक टेस्ट हल करें। मेहनत का कोई शॉर्ट कट नहीं है, नियमित समय सारणी बनाकर अनुशासन के साथ पालन करें। उनकी बड़ी बहन मुंबई में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर है, जबकि भाई बंगलूरू में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। अंकिता के पिता भूप सिंह साइंस एंड टेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट से सेवानिवृत्त हैं और माता कमलेश गृहिणी हैं। अंकिता ने बताया कि उनका परिवार किसान घराने से संबंध रखता है।