चंडीगढ़ में बढ़ते प्रदूषण स्तर ने चिंता बढ़ा दी है। रविवार को सेक्टर-22 के एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन पर सुबह 11 बजे एक्यूआई 353 दर्ज किया गया, जो कि बहुत खराब की श्रेणी में आता है। सेक्टर-53 में 349 और सेक्टर-25 में 324 का एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। पूरे शहर का एक्यूआई पूरे दिन 350 के आसपास बना रहा। इससे लंबे समय तक दोपहिया वाहन चलाने वालों की आंखों में जलन होने की शिकायतें बढ़ रही हैं। हवा में घुली धूल और प्रदूषक से स्वास्थ्य संबंधी चिंता बढ़ गई हैं।
चंडीगढ़ पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी ने शहर की इस स्थिति को देखते हुए नगर निगम को पानी का छिड़काव और अन्य एहतियाती उपाय करने के निर्देश दिए हैं। इन प्रयासों के तहत सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है ताकि धूल के कणों को हवा में उठने से रोका जा सके। इसके अलावा निर्माण कार्यों पर भी सख्त निगरानी रखी जा रही है ताकि प्रदूषण की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
शहर में सेक्टर-22, 25 और 53 में एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन लगे हुए हैं। रविवार को सुबह 11 बजे सेक्टर-22 में एक्यूआई 353, सेक्टर-25 में 324 तो सेक्टर-53 में 349 दर्ज किया गया। रात 9 बजे तक सेक्टर-22 में एक्यूआई 346, सेक्टर-25 में 322 तो सेक्टर-53 में 344 तक रिकॉर्ड किया गया।
एहतियात बरतने की सलाह
विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदूषण का यह स्तर लंबे समय तक रहने पर स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकता है। जहरीली हवा में मौजूद छोटे-छोटे प्रदूषण के कण सांस के माध्यम से फेफड़ों में पहुंच जाते हैं, जिससे सांस लेने में परेशानी, खांसी, गले और आंखों में जलन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। प्रदूषण के उच्च स्तर को देखते हुए बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा जैसी बीमारियों से ग्रसित लोगों को विशेष रूप से एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है।
हवाएं पंजाब में सर्कुलेट होकर प्रदूषण का लोड चंडीगढ़ की तरफ लेकर आ रहीं
पीजीआई सामुदायिक चिकित्सा विभाग के प्रो. रविंद्र खैवाल ने बताया कि हवाओं की दिशा और पैटर्न की वजह से अचानक प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। ये हवाएं पंजाब में सर्कुलेट होकर प्रदूषण का लोड चंडीगढ़ की तरफ लेकर आ रही हैं। इसके अलावा गाड़ियों के चलने और निर्माण कार्य में तेजी की वजह से भी स्तर बढ़ा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय अधिकारियों को प्रदूषण को उसके स्रोत पर कम करने के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के दिशानिर्देशों के तहत ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के अनुसार आपातकालीन प्रदूषण नियंत्रण उपायों को लागू करने पर विचार करना चाहिए। लोगों को भी कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए। बुजुर्ग, बच्चों और श्वसन संबंधी बीमारियों वाले लोगों को बाहर जाने से बचना चाहिए। जब प्रदूषण पीक पर होता है, उस समय लोगों को बाहर जाने से बचना चाहिए। हानिकारक कणों से बचने के लिए लोग एन95 मास्क पहन सकते हैं।
सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जा रहा न्यूनतम और अधिकतम तापमान
चंडीगढ़ मौसम केंद्र के अनुसार रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा रहा। मौसम केंद्र के अनुसार सोमवार को दिन साफ रहेगा और दिन में धूप निकलेगी। हालांकि, सुबह और शाम को ठंड और कोहरे की एक परत नजर आएगी। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।