चंडीगढ़। पुरुषों के अधिकार और परिवार से जुड़े मुद्दों को लेकर सेव इंडियन फैमिली मूवमेंट का 16वां राष्ट्रीय सम्मेलन 14 से 16 अगस्त तक विशाखापत्तनम में आयोजित किया गया। सम्मेलन में देशभर के 30 से अधिक संगठनों के 150 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। चंडीगढ़ से भी कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए।
सम्मेलन में पुरुष अधिकार, परिवार, स्वास्थ्य, कानून के दुरुपयोग और न्याय व्यवस्था से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने पुरुषों से जुड़े मामलों का आंकड़ा तैयार करने और उनके स्वास्थ्य के लिए विशेष योजनाएं बनाने की जरूरत बताई।
चंडीगढ़ के जसदीप सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से पुरुष अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाने पर प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करने से पहले तथ्यों और कानूनी पहलुओं की जांच जरूरी है। दो महिला न्यायिक अधिकारियों ने कानून, बाल अभिरक्षा और मध्यस्थता से जुड़े अनुभव साझा किए।
चंडीगढ़ के रोहित डोगरा ने राष्ट्रीय पुरुष आयोग बनाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि आयोग किसी के खिलाफ नहीं, बल्कि पुरुषों को समान अधिकार और न्याय दिलाने की दिशा में जरूरी कदम होगा।