आईटी के उपयोग से उम्मीदवारों के साथ-साथ आयोग को भी हो रही है सहूलियत
अभ्यर्थियों की आपत्तियों की सुनवाई व निपटान के लिए बनाई जाएगी अलग से ग्रीवेंसी सैल
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने दावा किया कि लगभग 50 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा कराया जाएगा। कुछ भर्तियों का परिणाम जारी कर दिया है। ज्यों ही सरकार विभागों में खाली पदों के बारे आयोग को अवगत कराएगी, उसी के हिसाब से पदों की भर्ती प्रक्रिया के लिए पदों को विज्ञापित करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। सरकारी विभागों की मांग के अनुसार पदों की जानकारी वेबसाइट पर डाल दी जाएगी और इन्हीं पास उम्मीदवारों को श्रेणी का विकल्प देना होगा।
चेयरमैन ने कहा कि आयोग द्वारा अभ्यर्थियों की ओर से दिए जाने वाले प्रतिवेदनों पर त्वरित कार्यवाही की जा रही है। संपूर्ण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करते हुए अब अभ्यर्थियों के प्रतिवेदनों को स्वागत कक्ष में स्थित कंप्यूटरों में दर्ज किया जा रहा है। उन पर सीरियल नंबर अंकित करके इसकी जानकारी अभ्यर्थी को दी जा रही है। साथ ही प्रतिवेदन पर की जा रही कार्यवाही और उसकी प्रगति रिपोर्ट की जानकारी भी उम्मीदवारों के मोबाइल पर दी जा रही है।
आवेदन पत्र देने का समय किसी भी कार्य दिवस को प्रातः 9:30 बजे से लेकर दोपहर 1:30 बजे व दोपहर 2:00 बजे से लेकर सायं 4:30 बजे तक है। आवेदन पत्र के लिए आयोग के कार्यालय में रिसेप्शन कक्ष पर विशेष रूप से दो-तीन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की आपत्तियों की सुनवाई व निपटान के लिए अलग से ग्रीवेंसी सैल बनाई जाएगी, ताकि लंबित आपत्तियों का शीघ्र निपटान किया जा सके।