हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा जारी किए गए ग्रुप सी की संयुक्त पात्रता परीक्षा के विस्तृत परिणाम में भी खामियां सामने आई हैं। आयोग के सामने लगातार अभ्यर्थी इस प्रकार की शिकायत दर्ज करा रहे हैं। हालांकि, आयोग का कहना है कि इसमें आयोग की नहीं, अभ्यर्थियों की गलतियां हैं, जिसके चलते कुछ श्रेणियों में अंतर आ गया है।
इसके अलावा, कुछ अभ्यर्थी ऐसे हैं, जिन्होंने आर्थिक सामाजिक आधार के अंक वापस लिए थे, लेकिन फिर से परिणाम में जोड़ दिए हैं। आयोग अब इन गलतियों को सुधारने का मौका देगा। ग्रुप सी के 32 हजार पदों को लेकर आयोग भर्ती प्रक्रिया चलाए हुए है। सीईटी का परिणाम पहले जारी किया गया था, लेकिन विस्तृत परिणाम शेष था।
पिछले सप्ताह आयोग ने विस्तृत परिणाम जारी कर दिया। इसमें आर्थिक सामाजिक आधार के अंकों को भी सार्वजनिक किया गया है, ताकि अगर किसी ने गलत तरीके से अंक लिए हैं, तो उसकी जानकारी आयोग के पास पहुंच सके। लेकिन अभ्यर्थियों का दावा है कि विस्तृत परिणाम में भी खामियां हैं।
इनमें एक्ससर्विस मैन और ईडब्ल्यूएस की श्रेणी में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को सामान्य श्रेणी में दिखाया गया है, जबकि आर्थिक सामाजिक आधार के अंक छोड़ने वाले कुछ अभ्यर्थियों के परिणाम में अंकों को जोड़ा गया है।
इस बारे में आयोग के चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी का कहना है कि परिणाम बड़ी सावधानी और गंभीरता के साथ जारी किया गया है। आवेदन करते अभ्यर्थियों ने गलतियां की हुई हैं, इसके चलते परिणाम में कुछ दिक्कतें हैं। इनको ठीक करने के लिए समय दिया जाएगा। खामियां ठीक करने के बाद ग्रुप वाइज कट आफ भी जारी की जाएंगी।