चंडीगढ़। मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल में लगी विंटेज कारों की प्रदर्शनी में करीब 100 साल पुरानी 1920 मॉडल की ऑस्टिन चम्मी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। अपनी क्लासिक बनावट और पुराने डिजाइन के कारण लोग इसके साथ तस्वीरें खिंचवा रहे हैं। कार के मालिक जसवंत सिंह ने बताया कि यह कार उनके पिता की है। वह इसे विभिन्न रैलियों और आयोजनों में लेकर जाते हैं। प्रदर्शनी में मर्सिडीज 1965, शेवरलेट 1948, ऑस्टिन 8 (1938 और 1947), प्लाईमाउथ 1955, सनबीम 1939, फोर्ड 1933 और मॉरिस गैराज 1950 मॉडल की कारें भी प्रदर्शित की गई हैं। इन गाड़ियों के जरिए लोगों को पुराने दौर की ऑटोमोबाइल तकनीक और डिजाइन देखने का मौका मिल रहा है। युवाओं में भी इन विंटेज कारों को लेकर खास उत्सुकता दिखाई दे रही है।