चंडीगढ़। चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस में तैनात एक इंस्पेक्टर की बेटी ने सीबीएसई की 12वीं कक्षा में कीर्तिमान स्थापित करते हुए स्कूल में टॉप किया है। इंस्पेक्टर चिरन्जी लाल मुदगल की बेटी श्रुति मुदगल चंडीगढ़ के सेक्रेड हार्ट स्कूल की छात्रा है और सोमवार को घोषित हुए 12वीं के परिणाम में उसने अपने स्कूल में बाजी मारते हुए कामर्स संकाय में 97.4 प्रतिशत अंक हासिल किए। उसके परिणाम से परिवार व स्कूल में खुशी का माहौल है। स्कूल प्रशासन ने कहा कि श्रुति पढ़ाई के साथ खेल में रुचि रखती है। वह बेस्ट फुटबॉलर रह चुकी है। उसके पिता चिरंजी लाल मूल रूप से रोहतक जिले के जसिया गांव के हैं। उन्होंने कहा कि श्रुति ने दिखा दिया कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं है, पढ़ाई और खेल दोनों में अव्वल रहना बड़ी बात है।