चंडीगढ़। ढाई करोड़ रुपये रिश्वत मामले में आरोपी शिमला ईडी का सहायक निदेशक विशालदीप अब सीबीआई हिरासत में है। सीबीआई ने अदालत में पेश कर विशालदीप को पांच दिन का रिमांड लिया है। सीबीआई ने अदालत में तर्क दिया कि आरोपी अभी तक जांच में शामिल नहीं हुआ है। उससे पूछताछ कर अन्य अधिकारियों की मिलीभगत की जांच करनी है। बता दें कि विशालदीप अंबाला जेल में बंद था। शुक्रवार को उसे अंबाला जेल से चंडीगढ़ जिला अदालत में पेश किया गया। सीबीआई अदालत से उसका प्रोडक्शन वारंट हासिल किया था। वहीं, विशालदीप के वकीलों ने सीबीआई जांच टीम में शामिल अधिकारियों की कॉल डिटेल सुरक्षित करने की मांग की है। इस अर्जी पर अदालत ने सीबीआई को जवाब देने के लिए नोटिस जारी कर दिया है। अगली सुनवाई 22 जनवरी को होगी। बता दें कि इस रिश्वत मामले के बाद विशालदीप का नाम सीबीआई के शिकायतकर्ता के बेटे को धमकाने और 50 लाख रुपये रंगदारी मामले में सामने आया था जिसमें पंचकूला पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया था। इस मामले में उसे अंबाला जेल भेजा गया था।