43 टेंडरों की शर्तें खंगाल रही सीबीआई
हर टेंडर में जांचेगी अधिकारियों के स्तर पर हुए बदलाव, रिकॉर्ड मिलान के बाद होगी पूछताछ
चंडीगढ़। विभिन्न विभागों के करीब 200 करोड़ रुपये के मैनपावर टेंडर मामले में सीबीआई एक ही परिवार की चार मैनपावर एंड सिक्योरिटी सर्विस कंपनियों को मिले 43 टेंडरों की जांच कर रही है। एजेंसी हर टेंडर की मूल शर्तों, विभागीय रिकॉर्ड और अधिकारियों के स्तर पर किए गए बदलावों का मिलान कर रही है। जांच का मकसद पता लगाना है कि कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए कौन-सी शर्त हटाई या जोड़ी गई और बदलाव किस स्तर पर हुआ। रिकॉर्ड की टेंडरवार जांच पूरी होने के बाद सीबीआई संबंधित विभागों के दफ्तरों में जाकर अधिकारियों से सवाल-जवाब करेगी। मामले में एफआईआर पहले ही दर्ज है। दस्तावेजों और पूछताछ से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अधिकारियों की भूमिका तय होगी। यदि किसी की कथित मिलीभगत या कंपनी को फायदा पहुंचाने के पर्याप्त सबूत मिले, तो उसे एफआईआर में नामजद करने पर विचार किया जा सकता है। फिलहाल किसी अधिकारी की संलिप्तता जांच का निष्कर्ष नहीं है। संवाद