चंडीगढ़। मलोया में बने स्नेहालय में 12 साल के दिव्यांग बच्चे के साथ कुछ दिन पहले हुए शारीरिक शोषण मामले में मलोया थाना पुलिस ने नाबालिग आरोपी 16 वर्षीय बच्चे पर पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, समाज कल्याण विभाग द्वारा पीड़ित बच्चे की काउंसलिंग की जा चुकी है और आरोपी बच्चे की भी काउंसलिंग हुई है। दूसरी ओर आरोपी बच्चे को जल्द बाल सुधार गृह भेजा जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित बच्चे का मेडिकल भी करवाया गया था। जानकारी के मुताबिक स्नेहालय में दिव्यांग बच्चों और बाकी बच्चों से अलग रखा जाता है। इसके बावजूद इस घटना से स्नेहालय और विभाग के अधिकारी हैरान हो गए थे। मामले में चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने जांच के बाद समाज कल्याण विभाग को रिपोर्ट सौंपी थी। सूत्रों के मुताबिक जांच में 16 वर्षीय किशोर ने अपना गुनाह कबूल किया था और छेड़छाड़ की बात मानी थी। इसके बाद समाज कल्याण विभाग ने पुलिस को मामले में एफआईआर करने के लिए कहा था। जानकारी के मुताबिक पीड़ित बच्चे ने स्टाफ सदस्य को उसके साथ हुए शोषण की जानकारी दी गई थी। इसके बाद विभाग हरकत में आया था।