मोहाली। बल्लोमाजरा में कुछ लोगों पर एक निजी कंपनी की जमीन कब्जाने और वहां रखा सामान चोरी करने के आरोप लगे हैं। आरोपी की पहचान तरनजीत सिंह उर्फ घोलू वासी गांव बल्लोमाजरा के रूप में हुई है। बलौंगी थाना पुलिस ने उक्त आरोपी समेत सात-आठ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता वरुण जैन वासी सेक्टर-68 ने पुलिस को बताया कि वह निजी कंपनी में डायरेक्टर है। कंपनी ने एयरपोर्ट रोड के पास गांव बल्लोमाजरा में करीब 35 कनाल जमीन खरीदी है। कंपनी ने जमीन पर चहारदीवारी करने के लिए टीन लगाकर लोहे के चैनल और चादरें रखी हुई हैं। सामान की देखरेख के लिए सिक्योरिटी गार्ड अनुज को तैनात किया गया है। उसने बताया कि 25 अगस्त शाम करीब साढ़े सात बजे उक्त आरोपी तरनजीत सिंह उर्फ घोलू 7-8 अज्ञात व्यक्तियों समेत जमीन पर कब्जा करने की नीयत से आए। उन्होंने आते ही कंपनी की ओर से लगाई गई लोहे की चादरों पर अपनी कंपनी का नाम लिख दिया। इसके बाद वहां पड़े लोहे के चैनल और 20 पीस चादरें ट्रैक्टर ट्राली में लोड कर ले गए।