डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के समर्थकों के खिलाफ सेक्टर-5 थाने में देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया है। पंचकूला के चार थानों में दर्ज हुई 15 एफआईआर में से ज्यादातर में डेरा प्रमुख के समर्थकों को नामजद किया गया है।
दरअसल उनके समर्थकों की ओर से उनके समर्थन में की गई आगजनी की घटनाओं को गंभीरता से लिया गया है। इसलिए डेरा समर्थकों के खिलाफ भी देशद्रोह का मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने डेरा समर्थकों से अब तक एके 47, चार माउजर, दो पिस्टल, पेट्रोल बम, नशीला पदार्थ सहित कुल 68 वाहन कब्जे में लिए हैं।
कब्जे में ली गाड़ियों में लेक्सस, लैंड क्रूजर सहित कई लग्जरी गाड़ियां हैं। ये गाड़ियां डेरा प्रमुख के काफिले में शामिल थीं। सेक्टर-5 थाने में सबसे ज्यादा 11 केस दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा चंडीमंदिर थाने में एक, सेक्टर-20 थाने में एक व सेक्टर-14 थाने में दो केस दर्ज किए गए। इन थानों की पुलिस ने अब तक 768 डेरा अनुयायियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इन पर आरोप है कि कानून के खिलाफ जमा होकर दंगा किया, आगजनी की और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के साथ जान से मारने का प्रयास किया गया।