जीरकपुर। जीरकपुर पुलिस ने बलटाना क्षेत्र की योग विहार कॉलोनी निवासी एक महिला की शिकायत पर इलाके के एक ही परिवार के तीन सदस्यों के खिलाफ प्लॉट बेचने के नाम पर हजारों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में सुमिता कुमारी पत्नी ललित कुमार निवासी मकान नंबर 49 योग विहार बलटाना ने बताया कि उसने साईं सिटी घोलूमाजरा में शीला गुप्ता, राम लोचन, आशा गुप्ता निवासी मकान नंबर 229 पंजाब मॉडर्न कांप्लेक्स बलटाना से 90 गज का प्लॉट खरीदा था, जिसके लिए उसने उन्हें 95 हजार रुपये दिए थे। उसने बताया कि जब रजिस्ट्री का समय आया तो न प्लॉट की रजिस्ट्री करवाई गई और न ही उनके पैसे वापस किए गए। मामले के जांच अधिकारी एएसआई धर्मपाल सिंह ने बताया कि जिला पुलिस प्रमुख को शिकायत देने के बाद उच्च अधिकारियों द्वारा जांच किए जाने के बाद जीरकपुर पुलिस ने शीला गुप्ता, उनके पति राम लोचन और उनकी बेटी आशा गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।