चंडीगढ़। सेक्टर-34 थाना क्षेत्र में दोपहर साढ़े 12 बजे दो वाहनों की टक्कर हो गई। आरोप है कि चंडीगढ़ नंबर की कार में सवार महिला ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पहले टैक्सी कार को टक्कर मारी, फिर टैक्सी चालक और तीन महिला यात्रियों से मारपीट की। इस दौरान घटना का वीडियो बना रहे टैक्सी चालक का मोबाइल हाथापाई में गिरकर टूट गया और एक महिला यात्री का सोने का टॉप्स कहीं गिर गया। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को थाने ले गई। जहां आरोपी महिला के माफी मांगने पर उसे छोड़ दिया गया। घटना के समय महिला चालक सेक्टर 33/45 की तरफ से आ रही थी जबकि टैक्सी चालक सेक्टर-34 की तरफ से आ रहा था। इसी दौरान गाड़ियों की टक्कर हो गई। आरोप है कि टक्कर के बाद महिला चालक कार से निकली और टैक्सी चालक पर चिल्लाने लगी। टैक्सी चालक जब कार से उतरा तो महिला उससे मारपीट करने लगी। इसी बीच टैक्सी में बैठी तीन महिला सवारियों ने बीच-बचाव की कोशिश की। इस पर महिला उनसे भी भिड़ गई और उन्हें थप्पड़ और लात-घूंसे मारने लगी। टैक्सी सवार महिलाएं अपना बचाव करतीं और हाथ जोड़ती नजर आईं। जानकारी के मुताबिक, तीनों महिलाएं गुरुद्वारे जाने के लिए टैक्सी में बैठी थीं।
घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी महिला समेत टैक्सी चालक और तीनों महिला सवारियों को थाने ले गई। थाने में आरोपी महिला ने अपने छोटे बच्चे की दुहाई देते हुए पुलिस से कोई कार्रवाई न करने की गुहार लगाई और हाथ जोड़ सवारियों से माफी मांगी। इसके बाद टैक्सी सवार महिलाओं ने उसे माफ कर दिया। वहीं टैक्सी को टक्कर मारने से टायर फटने और बंपर टूटने का हर्जाना देने समेत एक महिला सवारी के गुम हुए सोने के टॉप्स का मूल्य चुकाने पर दोनों पक्षों में यह समझौता हुआ। टैक्सी चालक के मुताबिक, उनका लगभग 15 से 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। थाना पुलिस के मुताबिक मारपीट करने वाली महिला मानसिक रूप से परेशान है।