मोहाली। सेक्टर-78 में रविवार शाम पौने छह बजे शिया जामा मस्जिद में धार्मिक प्रोग्राम के बाद पार्किंग में खड़े तीन लोगों पर एक युवक ने बोलेरो गाड़ी चढ़ा दी। हादसे में 46 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें हादसे के बाद फेज-6 सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है और एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतक की पहचान परवेज हुसैन वासी लखनऊ के रूप में हुई है। वह सेक्टर-45 का रहने वाला था और मजदूरी करता था। वहीं, घायलों की पहचान मुनतहां हुसैन (25) वासी सेक्टर-45 व फजैन हुसैन (22) वासी फेज-1 दोनों वासी लखनऊ के रूप में हुई है।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ऐसा लग रहा था कि बोलेरो गाड़ी चालक ने नशा किया हुआ था। वहां से निकलने के दौरान अचानक उससे गाड़ी अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बेकाबू कार ने पार्किंग में खड़े होकर बातें कर रहे तीन लोगों को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद समागम में आए लोग भड़क गए। उन्होंने बोलेरो गाड़ी के चालक की खूब पिटाई की। लोगों को शक था कि एक व्यक्ति स्कूटी समेत नीचे दबा है। उसे बचाने की कवायद में उन्होंने मिलकर गाड़ी पलट दी लेकिन गनीमत रही कि नीचे कोई आदमी नहीं मिला। गुस्साई भीड़ ने बाद में कार चालक को पुलिस हवाले कर दिया। सोहाना पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी कार चालक की पहचान अमनदीप सिंह निवासी सेक्टर-22 के रूप में हुई है।
कार हुई अनियंत्रित, ड्राइवर से नहीं लगी ब्रेकप्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जामा मस्जिद में धार्मिक प्रोग्राम में काफी लोग इकट्ठा हुए थे। समागम के खत्म होने के बाद उक्त तीनों बाहर फुटपाथ पर खड़े थे कि शिवालिक स्कूल की ओर से तेज रफ्तार में आई बोलेरो गाड़ी के चालक अमनदीप सिंह द्वारा गाड़ी के ब्रेक नहीं लगने के चलते तीनों युवकों पर गाड़ी चढ़ गई। हादसे के बाद उसने गाड़ी भगा ली लेकिन आगे कीचड़ में फंस गई। गुस्से में भीड़ ने अमनदीप को गाड़ी से बाहर निकाला और पीटा।