चंडीगढ़। सेक्टर-40/55 की विभाजित सड़क पर एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। पुलिस ने पिता-पुत्र को जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां मोहाली के हुसैनपुर निवासी पिता हरभजन की मौत हो गई, जबकि बेटे गुरविंदर सिंह की हालत स्थिर है। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गुरविंदर सिंह ने बताया कि वह मोहाली के हुसैनपुर में परिवार समेत रहते हैं। बीते 16 जून को वह अपने पिता के साथ बाइक से जीरकपुर जा रहे थे। उनके पिता पीछे बैठे थे, जबकि वह खुद बाइक चला रहा था। सेक्टर 40/55 की विभाजित सड़क के पास पहुंचा तो तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जीएमसीएच-32 में वीरवार शाम उनके पिता हरभजन सिंह की मौत हो गई। वहीं, पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है, ताकि आरोपी चालक की पहचान हो सके।