पानीपत। हुडा सेक्टर-24 के बाईपास पर तीन हथियारबंद बाइक सवार बदमाश करनाल निवासी एक व्यक्ति की कार और 15 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बडौता गांव, जिला करनाल निवासी प्रवीण कुमार बीती रात करीब साढे़ दस बजे अपनी कार में सवार होकर पानीपत के हुडा सेक्टर-24 के बाईपास से गुजर रहा था। रास्ते में तीन बदमाशों ने अपनी बाइक उनकी कार के आगे अड़ाकर रुकवा ली और उन पर रिवाल्वर तान दी।
तीनों बदमाशों ने प्रवीण की कार और उनके 15 हजार रुपये लूट लिए। लूट के बाद बदमाशों में से दो कार तथा तीसरा बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। प्रवीण ने जैसे-तैसे घटना की सूचना पानीपत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने वीटी कर पुलिस नाकों, पीसीआर व राइडरों को सचेत कर दिया मगर लुटेरों बच कर निकल गए।
थाना चांदनी बाग पुलिस ने प्रवीण की शिकायत पर तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ नकदी और वाहन लूट के आरोप में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता अनिल कुमार ने बताया कि करनाल निवासी प्रवीण की कार व नगदी की लूट हुई है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।