प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि नोटबंदी के बीच हुई मौतों के मुद्दे को पार्टी अदालत तक ले जाएगी। साथ ही उन्होंने नोटबंदी के खिलाफ इंडस्ट्री की ओर से 16 दिसंबर को किए जा रहे बंद को समर्थन देने का भी एलान किया।
कैप्टन ने कहा कि 86 फीसदी मुद्रा बाजार से ले ली गई। नोटबंदी के चलते देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो गई है। बैंकों में लाइनों में लगकर करीब सौ लोगों की मौत हो चुकी है। कैश न मिलने की वजह से हजारों लोग परेशान हैं। इस मुद्दे को लेकर पंजाब कांग्रेस जल्द अदालत की शरण लेगी। कैप्टन ने चेंबर ऑफ इंडस्ट्रियल एंड कॉमर्शियल अंडरटेकिंग लुधियाना को समर्थन का एलान किया।
कैप्टन ने कहा कि पंजाब की इंडस्ट्री पहले ही बादल सरकार की नीतियों के चलते बदहाल थी, उस पर नोटबंदी का बहुत बुरा प्रभाव पड़ा है। मोदी सरकार द्वारा अनियोजित तरीके से नोटबंदी का फैसला एक अपराधिक कृत्य है। जिसने न सिर्फ कई जिंदगियां छीन लीं, बल्कि हजारों की तादाद में ठेके पर नियुक्त वर्करों की नौकरियां भी ले लीं। इंडस्ट्री द्वारा देशव्यापी बंद की कॉल उद्योगों की हालत बताने के बारे में एक छोटा कदम है।
जिसके प्रति पीएम नरेंद्र मोदी ने आंखें मूंद ली हैं। पिछले एक माह के दौरान हजारों वर्करों को निकाल दिया गया। जो काम कर रहे हैं, उन्हें भी वेतन नहीं मिल पा रहा है। जो इंडस्ट्री बादल की लोक विरोधी नीतियों के बावजूद बच गई थीं, अब नोटबंदी के चलते बंद हो रही हैं। कैश की किल्लत से जूझ रही इंडस्ट्री को आयकर विभाग वाले परेशान कर रहे हैं, अब कच्चे माल की कीमतें बढ़ने से नई समस्या आ गई है।
कैप्टन ने कहा कि पंजाब में इंडस्ट्री ग्रोथ लगातार गिर रही है, पार्टी के सत्ता में आने पर उद्योगों की सुध ली जाएगी। अभी इंडस्ट्री को नोटबंदी के प्रभाव से बचाने को हरसंभव कदम उठाए जाने चाहिए।