पंजाब प्रभारी हरीश रावत ने कहा कि पंजाब इससे पहले भी देश को रास्ता दिखा चुका है और अब पंजाब के किसान पूरे देश को रास्ता दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों की इस लड़ाई में बढ़चढ़ कर प्रतिभाग करेगी। दो अक्तूबर से पूरे देश में किसानों को साथ लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। जिसमें दो करोड़ से अधिक किसानों को शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसानों के हस्ताक्षर वाले पत्र को पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती 14 नवंबर को भारत के राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा। उन्होंने अकालियों पर तंज कसते हुए कहा कि अकाली लंबे समय तक तो मूकदर्शक बनकर बैठे रहे और अब किसानों के हकों की लड़ाई का लाभ कमाने के लिए आ रहे हैं।
किसानों के लिए नहीं है धारा 144
कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने दोहराया कि कोविड से बचाव के लिए लगाई गई धारा 144 के तहत किसानों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी, जिनको अपनी रोजी-रोटी के लिए रोष प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा कि यह लड़ाई लंबी चलेगी लेकिन कैप्टन किसानों के हितों की उसी तरह ही रक्षा करेंगे जैसे उन्होंने पहले राज्य की नदियों के पानी को बचाने के लिए किया था।
50 लाख रुपये से होगा शहीद भगत सिंह मेमोरियल का रख-रखाव: कैप्टन
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोमवार को खटकड़ कलां स्थित शहीद-ए-आजम भगत सिंह मेमोरियल के रख-रखाव के लिए 50 लाख रुपये का एलान किया, जहां वह शहीद के 113वीं जयंती पर उनके पैतृक गांव में श्रद्धा के फूल भेंट करने आए थे। भारतीय आजादी के संघर्ष में भगत सिंह और दूसरे शहीदों के बहुमूल्य योगदान को याद करते हुए कहा कि इन महान क्रांतिकारियों के उच्च विचारों को आत्मसात करना चाहिए।