चंडीगढ़। ट्राइसिटी में अवैध तेजाब विक्रेताओं के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए उपायुक्त मनदीप सिंह बराड़ ने वीरवार को सभी उपजिलाधिकारियों को तीन दिन तक अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही तेजाब बेचने के लिए लाइसेंस और खरीददार के लिए फोटो पहचान पत्र भी उपायुक्त के निर्देश पर जरूरी कर दिया गया है।
कार्यालय सभागार में वीरवार को आयोजित बैठक में उपायुक्त मनदीप सिंह बराड़ के अलावा उपायुक्त सचिन राणा सहित ट्राइसिटी के सभी उप जिलाधिकारियों को तेजाब की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में अब कोई भी व्यक्ति बिना अपने पहचान पत्र जमा करवाए तेजाब नहीं खरीद सकता, अगर कोई खरीददार या विक्रेता ऐसा करते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर में सभी तेजाब बेचने वालों के लिए लाइसेंस जरूरी किया जाए। इसके लिए सभी उपजिलाधिकारी ट्राइसिटी में तीन दिनों तक अभियान चलाएं। उपायुक्त मनदीप सिंह बराड़ ने स्वास्थ्य निदेशक डॉ. जी दीवान को इस परियोजना के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।