चंडीगढ़। निर्माण श्रमिकों का पंजीकरण बढ़ाने और उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए चंडीगढ़ भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में शनिवार को राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-56 पलसौरा में पंजीकरण एवं जागरूकता शिविर लगाया गया।
सितंबर को विशेष अभियान के रूप में मनाते हुए बोर्ड की ओर से हर शनिवार शहर के अलग-अलग हिस्सों में शिविर लगाए जा रहे हैं। इनमें निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिकों को पंजीकरण की प्रक्रिया और बोर्ड की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
शिक्षा से पेंशन तक योजनाओं का लाभ
शिविर में अधिकारियों ने बताया कि पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें बच्चों की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता, विवाह सहायता, चिकित्सा सुविधा, मातृत्व लाभ और पेंशन शामिल हैं। श्रमिकों से अपील की गई कि वे पंजीकरण कराकर इन योजनाओं का लाभ उठाएं और अपने परिवार को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ें।
हर शनिवार अलग इलाके में पहुंचेगा बोर्ड
अभियान के तहत आने वाले शनिवार को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे। बोर्ड का उद्देश्य पात्र निर्माण श्रमिकों तक सीधे पहुंचकर उनका पंजीकरण कराना और उन्हें उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देना है। अधिकारियों ने कहा कि प्रयास है कि कोई भी पात्र निर्माण श्रमिक सामाजिक सुरक्षा के दायरे से बाहर न रहे। इसके लिए श्रमिकों को अपने क्षेत्र में लगने वाले शिविरों में पहुंचकर पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।