चुनाव नजदीक होने की वजह से बैठक में कई अहम फैसले भी लिए जा सकते हैं
चंडीगढ़। सैनी सरकार ने पांच अगस्त को मंत्रिमंडल की बैठक बुला ली है। सीएम नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं। साथ ही बैठक में मानसून सत्र को भी लेकर फैसला हो सकता है। माना जा रहा है कि अगस्त के आखिरी हफ्ते में मानसून सत्र बुलाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि सितंबर के दूसरे हफ्ते में विधानसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लग सकती है। दूसरी तरफ इससे पहले विधानसभा सत्र मार्च में बुलाया गया था। छह महीनों में सत्र बुलाया जाना अनिवार्य होता है। ऐसे में 12 सितंबर से पहले कभी भी मानसून सत्र बुलाया जा सकता है।
यह मानसून सत्र काफी हंगामेदार होना तय है। बैठक में विपक्ष कानून व्यवस्था के साथ किसानों व हड़ताल संबंधी मुद्दा उठा सकता है। वहीं, पूर्व कांग्रेस नेता किरण चौधरी अब भाजपा के खेमे में बैठेगी। विपक्ष के सारे हमलों का जवाब अब सैनी को देना होगा और जजपा भी अब विपक्ष में बैठेगी। इसके साथ ही सैनी सरकार भी अल्पमत में चल रही है। विधानसभा में संख्या बल के हिसाब से सैनी सरकार के पास बहुमत नहीं है। विपक्ष सैनी सरकार को बर्खास्त करके विधानसभा चुनाव करवाने की मांग को लेकर राज्यपाल को मांग पत्र भी सौंप चुके हैं। वहीं, सरकार चुनावी मोड में चल रही है। ऐसे में मंत्रिमंडल की बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लग सकती है। सरकार के अंदर कच्चे कर्मचारियों को नौकरी की गारंटी को लेकर काफी चर्चा चल रही है। अधिकारी इस वर्ग को बड़ी राहत देने की तैयारी में जुटे हैं। वहीं, मेधावी छात्रों के लिए बस यात्रा की मुफ्त सुविधा पर भी मुहर लग सकती है।