चंडीगढ़। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में कैब ड्राइवर यूनियन ने प्रदर्शन किया। कई कैब और ऑटो ड्राइवरों ने हाथों में बैनर लेकर शांतिपूर्ण तरीके से सड़क किनारे धरने पर बैठे। प्रदर्शन को देख अधिकारियों ने कैब चालकों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ एक बैठक की, जिसके बाद यूनियन ने प्रदर्शन खत्म कर दिया।
ड्राइवर यूनियन की पांच सदस्यीय समिति ने प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में डीसी-व-सचिव परिवहन विभाग विनय प्रताप सिंह समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने यूनियन को आश्वस्त किया कि उनकी आपत्तियों और सुझावों पर विचार किया जाएगा। उन्होंने 30 सितंबर तक नई एग्रीगेटर नीति की अधिसूचना जारी करने की समय सीमा निर्धारित की है। यूनियन के अध्यक्ष अमनदीप सिंह ने प्रशासन से बैठक के मिनट्स की मांग की, जिसे अगले दो दिनों में प्रदान किया जाएगा। यूनियन के प्रवक्ता सुमित छाबड़ा ने कहा कि वीरवार तक न्यूनतम दर निर्धारण और अनावश्यक चालानों से संबंधित मुद्दों पर प्रशासन के साथ एक और बैठक हो सकती है। ड्राइवरों में अनावश्यक चालानों और अवैध निजी बाइक टैक्सी संचालन को लेकर कैब चालकों में गहरी नाराजगी है। यूनियन के अध्यक्ष अनिल कुमार (ऑटो यूनियन) और अमनदीप सिंह (कैब यूनियन) ने प्रशासन से जल्द मुलाकात कर ठोस कदम उठाने की मांग की है। प्रशासन द्वारा 30 सितंबर तक की समयसीमा तय किए जाने के बाद, यूनियन ने हड़ताल को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। यूनियन का कहना है कि यदि प्रशासन अपने वादों को समय पर पूरा नहीं करता है, तो वे फिर करने के लिए मजबूर होंगे।