अंबाला-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 65 पर गांव बड़वा के समीप टाटा 407 गाड़ी की सवारियों से खचाखच भरी एक बस से टक्कर हो गई। इससे बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गई। हादसे में 70 के करीब सवारियां घायल हो गईं। घायलों में दस की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बस में काफी संख्या में छोटे बच्चे और महिलाएं भी सवार थीं। उधर, हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से बस को सड़क से हटाया।
हिसार-राजगढ़ रूट की एक बस हिसार से सिवानी की तरफ आ रही थी। बस में काफी संख्या में सवारियां थीं। गांव बड़वा के पास सामने से आ रही एक टाटा 407 गाड़ी बस से टकरा गई, जिससे बस असंतुलित होकर पलट गई।
बस पलटने से घायल हुईं सवारियों ने मदद के लिए चीख-पुकार शुरू कर दी। हादसे का शोर सुनकर पास के ही एक भट्ठे में काम कर रहे मजदूर मदद के लिए दौड़े और घायलों को बस से निकाला। बाद में इन्हें निजी वाहनों की मदद से हिसार और सिवानी के अस्पतालों में उपचार के लिए दाखिल करवाया गया।
सिवानी अस्पताल में 13 लोगों को दाखिल करवाया गया, जिनमें 4 को गंभीर अवस्था में हिसार रेफर कर दिया गया, जबकि मामूली रूप से घायल 20 के करीब सवारियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे की सूचना पर सिवानी के डीएसपी और लोहारू से हलका विधायक ओमप्रकाश गोरा घटना स्थल पर पहुंचे और बाद में अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल जाना। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस व टाटा 407 गाड़ी को सड़क से हटवाया।
ये हुए घायल
हादसे में गुड़गांव का यशवंत, राजगढ़ का रामनिवास, आदमपुर का कृष्ण, ढंढेर की पूजा, डिग मंडी की शालू, भट्ठू का बनारसी, सरदारशहर का केसर, सुरतपुरा का श्रीनिवास, ढाणी मिठ्ठी का राकेश, हिसार का अनूप, चुरू के राजकुमार, सावित्री, सरोज, सरदारशहर के रामकुमार, अनिल, बिजेंद्र, कविता, सरोज, सुनीता घायल हो गए। इसके अलावा राजगढ़ के राजेंद्र, रामू, रवि, संजय, सोहनलाल, रूघाराम, गोठयां के सोनू, सुनीता, हिसार के राजबीर, दयानंद, सुमित्रा को मामूली रूप से चोटें आई है। शेष लोगों को हिसार के अलग-अलग अस्पतालों में दाखिल करवाया गया है।
मामले की जांच जारी : डीएसपी
मामले की जांच की जा रही है। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की मदद से बड़ा हादसा होने से टल गया। घायलों को हिसार और सिवानी के अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। इस मामले में सवारियों और घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
राजीव देशवाल, डीएसपी, सिवानी