करीब 200 एकड़ में प्रस्तावित कल्पना चावला मेडिकल यूनिवर्सिटी बनने पर नौकरियों की बरसात होगी। इसमें प्रोफेसर से लेकर सुरक्षा कर्मचारी और फोर्थ क्लास के हजारों कर्मचारियों की जरूरत पड़ेगी। मेडिकल क्षेत्र के जानकारों का कहना है कि यूनिवर्सिटी में करीब 4 से 5 हजार नौकरियों की संभावना है।
इसके अलावा क्षेत्र के युवाओं में मेडिकल लाइन के प्रति रुझान बढ़ेगा और अपने क्षेत्र के युवा भी डॉक्टर समेत विभिन्न कोर्सों में दाखिला ले सकेंगे। तीसरा असर यह भी होगा कि आसपास में मेडिकल कोर्स की तैयारी कराने वाले कई प्रोफेशनल कोचिंग सेंटर भी करनाल में दस्तक देंगे।
हालांकि, अभी तक केवल यूनिवर्सिटी की घोषणा हुई है। प्रदेश सरकार की घोषणा के बाद से ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी यूनिवर्सिटी का खाका तैयार करने में जुटे हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पं. बीडी शर्मा हेल्थ यूनिवर्सिटी, रोहतक से भी संबंधित जानकारी एकत्रित कर रहे हैं।
शैक्षणिक स्टाफ, सुरक्षा कर्मचारी, क्लेरिकल स्टाफ के अलावा चतुर्थवर्गीय कर्मी की नियुक्तियां भी होंगी। मिनिस्ट्रीयल व पैरामेडिकल स्टाफ अलग से होगा। प्रोफेशनल लोगों का मानना है कि यूनिवर्सिटी में करीब 200 डॉक्टर और 400 नर्सों की आवश्कता होगी। एक अनुमान है कि यूनिवर्सिटी में करीब 4 हजार लोगों की नियुक्तियां विभिन्न पदों पर होनी हैं। ऐसे में क्षेत्र के लोगों को भी रोजगार मिलेगा।