चंडीगढ़। नगर निगम ने छह मार्च को बजट पास करने के लिए सदन की बैठक बुलाई है। इसकी अध्यक्षता नए मेयर कुलदीप कुमार करेंगे। इसके अगले ही दिन सदन की जनरल बैठक बुलाने की तैयारी है, जिसमें आम आदमी पार्टी 20 हजार लीटर मुफ्त पानी समेत कई एजेंडा लाकर पास करा सकती है।चुनाव खत्म होने के बाद पहली बार आम आदमी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन और भाजपा के पार्षद आमने-सामने होंगे। मेयर कुलदीप कुमार ने कहा कि नगर निगम में कर्मचारियों की सैलरी रुकी हुई है, इसलिए बजट पास करना सबसे ज्यादा जरूरी है। इसके अगले ही दिन सात मार्च को मेयर सदन की विशेष बैठक भी बुला सकते हैं। इसमें आम आदमी पार्टी और कांग्रेस विकास के कई एजेंडा लाने की तैयारी में है। इस बैठक में 20 हजार लीटर मुफ्त पानी समेत अन्य कई महत्वपूर्ण एजेंडा भी लाए जा सकते हैं। आम आदमी पार्टी की कोशिश है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आचार संहिता के लागू होने से पहले ज्यादा से ज्यादा एजेंडों को पास करा दिया जाए ताकि उन पर काम शुरू हो सके। मेयर कुलदीप कुमार ने भी कहा कि उनके पास समय काफी कम है इसलिए बजट के अगले ही दिन सदन की विशेष बैठक बुलाई जा सकती है। कहा कि उनके पास समय कम है और काम काफी ज्यादा है।